होम

सोलन पुलिस ने कुल्लू के आनी में पकड़ी पांच करोड़ की चरस

सोलन पुलिस ने कुल्लू के आनी क्षेत्र में 37 किलो हाई क्वालिटी चरस बरामद की है। इसकी राष्ट्रीय बाजार में करीब पांच करोड़ कीमत बताई जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस ने धर्मपुर क्षेत्र में एक किलो चरस के साथ गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद की है। आरोपी यह चरस सैंपल के तौर पर सोलन लेकर आया था।

यह चरस हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, मुंबई, गोवा समेत अन्य राज्यों को भेजी जाती थी। एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इस गिरोह के आरोपी हरजीत सिंह पुत्र मुख्तियार सिंह निवासी गांव फतेहपुर तहसील रामपुर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) को 9 मई को सुबाथू-धर्मपुर रोड पर सेलेरियो गाड़ी में 1 किलो 30 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया था।

पुलिस के मुताबिक हरजीत एक बहुत बड़ा नशा तस्कर है। इसके खिलाफ अभी तक की जांच में हरियाणा के जिला झज्जर के बहादुरगढ़ सदर थाना में नशा तस्करी का केस दर्ज है।

हरजीत को अदालत से 5 दिन की पुलिस हिरासत पर लिया गया। पूछताछ पर पता चला कि आरोपी एक बहुत बड़ी डील फाइनल करने के लिए इस चरस को सैंपल के तौर पर ले जा रहा था।

आरोपी यह चरस कहां से लाया था, इसके बारे में पता लगाया गया। इसके लिए पुलिस की डिटेक्शन सेल और धर्मपुर थाना की 19 सदस्यीय संयुक्त टीम ने आईपीएस अभिषेक कौंडल की अध्यक्षता में कुल्लू जिला के आनी क्षेत्र में दबिश दी।

वहां से आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने देर रात जंगलों में घंटों ट्रैकिंग करके करीब 36 किलो हाई क्वालिटी चरस बरामद की है।

इस ऑपरेशन में कुल 37 किलो चरस जब्त की गई है। हिमाचल प्रदेश के पिछले कुछ सालों की बहुत बड़ी खेप की बरामदगी में से एक है। यह ऑपरेशन करीब 29 घंटे तक चला। जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *