छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार पर जेबीटी निलंबित
मंडी जिला में पद्धर उपमंडल के तहत स्थित एक प्राथमिक स्कूल के शिक्षक पर छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित जूनियर बेसिक टीचर को निलंबित कर दिया है।
वहीं, पुलिस ने भी केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, स्कूल में तैनात शिक्षक गत सप्ताह प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए बाहर गया हुआ था।
इसी दौरान स्कूल में प्रतिनियुक्ति पर आए एक अन्य शिक्षक के सामने कुछ छात्राओं ने अपने साथ हुए कथित व्यवहार की बात साझा की। छात्राओं की बात सामने आने के बाद अभिभावकों ने चाइल्ड हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम स्कूल पहुंची और छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों के बयान भी दर्ज किए। मामले की जानकारी शिक्षा विभाग तक पहुंचने के बाद प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुनील दत्त ने आरोपी शिक्षक को निलंबित करने के आदेश जारी किए।
निलंबन के बाद शिक्षक को वर्तमान स्कूल से कार्यमुक्त कर प्रारंभिक शिक्षा खंड अधिकारी सुंदरनगर-दो के मुख्यालय जैदेवी में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 10 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया है।
