हिमाचल में 4 दिनों तक भारी बारिश का येलो अलर्ट ज़ारी

हिमाचल प्रदेश में कुछ दिनों की सुस्ती के बाद मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। रविवार को बाद दोपहर राजधानी शिमला,मंडी सहित प्रदेश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हुई।

3 सितम्बर तक ज़ारी रहेगी बारिश

शिमला शहर में करीब तीन घंटे तेज बारिश का दौर चला। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले चार दिन यानी 31 अगस्त से 3 सितंबर तक भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

प्रदेश में 64 सड़कें बंद

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार रविवार शाम तक प्रदेश में भू-स्खलन के कारण 64 सड़कें बंद हैं, वहीं 226 बिजली ट्रांसफार्मर काम नहीं कर रहे हैं और नौ पेयजल परियोजनाएं प्रभावित रहीं।

इसमें मंडी जिला में सबसे अधिक 24 सड़कें बंद हैं, जबकि कुल्लू में 16 और कांगड़ा तथा सिरमौर में सात-सात सड़कें बंद हैं। मंडी जिला के गोहर में 217 ट्रांसफार्मरों के ठप होने से बिजली गुल है।

253 लोगों की मौत

इस मानसून सीजन में अब तक बारिश और इससे जुड़े हादसों में 253 लोगों की मौत और 462 लोग घायल हुए हैं, जबकि एक लापता है। मृतकों में 149 मौतें सडक़ हादसों में हुई हैं, जबकि 104 लोगों की जान भू-स्खलन, फ्लैश फ्लड, बहने, फिसलने, पहाड़ी से गिरने और बारिश से जुड़ी अन्य घटनाओं में गई है। सरकार के आकलन के अनुसार मानसून से अब तक 1,184 करोड़ रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

परवाणू के टकसाल में बारिश से मकान जमींदोज

परवाणू । परवाणू में शनिवार शाम करीब दो घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने परवाणू और आसपास के क्षेत्रों में जमकर तबाही मचाई। टकसाल में नाले के उफान पर आने से कई घरों में पानी व मलबा घुस गया, जबकि तेज बहाव की चपेट में आने से एक मकान पूरी तरह गिर गया।

कई अन्य मकानों की नींव से मिट्टी खिसकने से खतरे की स्थिति बनी हुई है। विधायक ने प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया। वहीं, प्रशासन द्वारा पीडि़तों को तिरपाल और आवश्यक राहत सामग्री वितरित की गई है।

इन जिलों के लिए ज़ारी हुआ अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 31 अगस्त को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। पहली सितंबर को बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में बारिश की संभावना है।

दो सितंबर को बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में येलो अलर्ट जारी किया है। सिरमौर में तीन सितंबर को भी भारी बारिश हो सकती है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *