होम

हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के आसार

हिमाचल प्रदेश में आगामी पांच दिसंबर से तापमान में गिरावट के साथ प्रदेश के ऊंचे इलाकों में हिमपात के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक दिसंबर के पहले हफ्ते में आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीच के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश या हिमपात हो सकता है।

आने वाले हफ्ते में सर्दी और ज़्यादा कड़ाके की होगी। बुलेटिन के मुताबिक चार दिसंबर तक हिमाचल प्रदेश में मौसम सूखा रहेगा, इसके बाद ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।

केन्द्र ने बुलेटिन में कहा कि चार दिसंबर को ऊंचे पहाड़ों पर कुछ जगहों पर और पांच दिसंबर को बीच और ऊंचे पहाड़ों दोनों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की के आसार है। यह बदलाव इस इलाके में आ रहे एक नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हो रहा है।

विभाग ने कहा कि राज्य के कई हिस्सों में ठंड ने पहले ही अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। लाहौल-स्पीति के ताबो में सबसे कम तापमान माइनस सात डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रातों में से एक थी।

कई जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री कम रहा, जबकि अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

बुलेटिन के अनुसर कुछ इलाकों में, खासकर बिलासपुर में भाखड़ा डैम जलाशय और मंडी में बल्ह घाटी के आसपास घने कोहरे की भी खबर है।

मौसम विभाग ने गाड़ी चलाने वालों को सुबह जल्दी और देर रात यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *