बैजनाथ से मुल्थान (वाया राजगुंधा) के लिए बस सेवा शुरू
छोटा भंगाल क्षेत्र की मुल्थान, धरमाण, कोठी कोढ़ और राजगुंधा पंचायतों के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। बैजनाथ डिपो की बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है।
अब लोग कोठी कोढ़, राजगुंधा, बिलिंग और बीड़ होते हुए सीधे बैजनाथ तक बस से सफर कर सकेंगे। छोटा भंगाल कांग्रेस प्रभारी मदन ठाकुर ने बताया कि बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने हाल ही में बैजनाथ से मुल्थान के लिए बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस बस सेवा की मांग कर रहे थे। हालांकि, इस रूट पर छोटी गाडिय़ां पहले से चल रही थीं, लेकिन सरकारी बस सेवा शुरू होने से लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
मुल्थान कांग्रेस अध्यक्ष राजेश, सीता राम, रूप लाल, अशोक और मेहर चंद ने कहा कि विधायक किशोरी लाल ने छोटा भंगाल के लोगों की कई वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया है।
इस बस सेवा से कोठी कोढ़ पंचायत के लोगों का करीब 20 किलोमीटर का सफर कम होगा। साथ ही क्षेत्र के लोगों को बैजनाथ आने-जाने के लिए बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बस सेवा शुरू होने से बरोट और मुल्थान आने वाले पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा।
पर्यटक अब बिलिंग, बीड़ और राजगुंधा जैसे खूबसूरत पर्यटन स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। क्षेत्रवासियों ने बस सेवा शुरू करवाने के लिए परिवहन मंत्री और विधायक किशोरी लाल का आभार जताया है।
