20 और 21 जुलाई को मंडी जिले के सभी शिक्षण संस्थान रहेंगे बंद
भारत मौसम विज्ञान विभाग, शिमला की ओर से 20 जुलाई और 21 जुलाई के लिए मंडी जिले में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
इसके दृष्टिगत जिला दंडाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मंडी अपूर्व देवगन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 के तहत जिला में शैक्षणिक संस्थान बंद रखने संबंधी आदेश जारी किए हैं।
आदेशों के अनुसार, 20 और 21 जुलाई को मंडी जिले के सभी सरकारी/निजी विद्यालय, महाविद्यालय, निजी शिक्षण संस्थान, आईटीआई, जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान (डाईट), व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान, आंगनवाड़ी और निजी डे केयर सेंटर एहतियाती के तौर पर बंद रहेंगे। यह आदेश शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ पर भी लागू होगा।
हालांकि, आवासीय शिक्षण संस्थान, आईआईटी मंडी, श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल नेरचौक तथा अन्य चिकित्सा शिक्षा संस्थानों पर यह आदेश लागू नहीं होगा। इन संस्थानों की परीक्षाएं यथावत आयोजित होंगी।
उपायुक्त ने बताया कि भारी वर्षा के कारण भूस्खलन, अचानक बाढ़, पेड़ों के गिरने, सड़क अवरुद्ध होने तथा अन्य मौसम जनित घटनाओं की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के हित में यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने सभी संबंधित सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों तथा प्रशासनिक अधिकारियों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।





