धौलाधार की ऊंची चोटियों में हुई ताज़ा बर्फ़बारी
रविवार को मौसम ने एक बार फिर करवट बदली और धौलाधार पर्वत श्रृंखला की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात देखने को मिला। धौलाधार की चोटियों और निचले क्षेत्रों में हुई बारिश के कारण समूचे क्षेत्र में शीतलहर है।
तापमान गिरने से लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़े निकालने पड़े। शहर में लोग जैकेट, स्वेटर और स्कार्फ में नजर आए, जबकि बारिश के कारण दिनभर ठंड का एहसास बना रहा। वीकेंड पर धर्मशाला घूमने पहुंचे पर्यटकों के लिए भी मौसम का यह बदलाव यादगार बन गया।
रविवार को पर्यटकों को धौलाधार की ऊंची चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर का मनमोहक नजारा देखने को मिला। धौलाधार में ताजा हिमपात के साथ ही धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में हुई बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी।
पिछले कुछ दिनों से मौसम में रही गर्माहट के बाद रविवार को लोगों को सर्दी का अहसास होने लगा। मौसम के बदले मिजाज का असर शहर में सामान्य आवाजाही पर भी दिखाई दिया और लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों में घरों से बाहर निकले।
मौसम विभाग द्वारा आगामी सप्ताह में फिर मौसम के खराब होने तथा बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है जिससे कि आने वाले दिनों में पारे के और भी अधिक लुढ़कने की उम्मीद जताई जा रही है।
