जोगिन्दरनगर के कन्या और बाल स्कूलों के विलय पर लगी रोक

जोगिन्दरनगर : जोगिन्दरनगर में संचालित बाल और कन्या स्कूल का विलय नहीं होगा। शिक्षा विभाग ने दोनों स्कूलों के मर्जर पर रोक लगाते हुए इनका अस्तित्व बरकरार रखा है।

दोनों स्कूलों के मर्जर का फैसला बदलते हुए कन्या विद्यालय में सीबीएसई का सिलेबस पढ़ाने की अधिसूचना जारी की गई है जबकि बाल स्कूल में पूर्व की भांति ही हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड का पाठयक्रम पढ़ाया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश सरकार ने दोनों विद्यालयों के विलय के अपने पूर्व निर्णय को बदलते हुए पीएम श्री गवर्नमेंट मॉडल (कन्या ) वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला और गवर्नमेंट (बाल ) सीनियर सेकेंडरी स्कूल जोगिन्दरनगर का स्वतंत्र स्वरूप बहाल कर दिया है।

विदित रहे कि कुछ महीने पहले ही दोनों विद्यालयों के विलय की अधिसूचना जारी की गई थी। इसके बाद विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों सहित पूर्व छात्रों ने विलय के फैसले पर सवाल उठाए थे।

इस सवालों के बीच सरकार ने स्कूलों के विलय का फैसला बदलते हुए इनका पूरा वैभव बरकरार रखा है और इसकी अधिसूचना भी शिक्षा विभाग की ओर से जारी कर दी गई है।

सेवानिवृत्त प्राध्यापक विनोद गुलेरिया ने कहा कि स्कूलों के विलय को पलटने का यह निर्णय इस बात का भी प्रमाण है कि लोकतंत्र में जनता की आवाज़ का महत्व होता है। जब समाज का कोई वर्ग किसी मुद्दे को गंभीरता से उठाता है, तो सरकार को भी उस पर विचार करना पड़ता है।

जोगिन्दरनगर के लोगों ने विद्यालयों की पहचान को बनाए रखने के लिए अपनी बात मजबूती से रखी और अंतत: उनकी भावनाओं का सम्मान किया गया है।

जोगिन्दरनगर के दोनों विद्यालयों का अपना अलग इतिहास रहा है। दोनों संस्थानों ने वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। अनेक विद्यार्थियों ने इन विद्यालयों से निकलकर प्रशासन, शिक्षा, सेना, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, राजनीति और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

उपनिदेशक बोले, स्कूलों के संचालन पर फोकस

मंडी शिक्षा उप निदेशक यशवीर धीमान ने बताया कि जोगिन्दरनगर में कन्या और बाल स्कूल का विलय नहीं होगा। दोनों स्कूल पहले की तरह ही संचालित किए जाएंगे।

इनमें से कन्या स्कूल में सीबीएसई और लडकों के स्कूल में एचपी बोर्ड के विषय पढाए जाएंगे। दोनों स्कूलों में नई व्यवस्था के मुताबिक पढाई सुविधा उपलब्ध करवाने की औपचारिकताएं अगले कुछ दिनों में पूरी कर ली जाएंगी।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *