होम

लडभड़ोल में आल्टो खाई में गिरने से दंपति की मौत, दो मासूम हुए अनाथ

लडभड़ोल।। बैजनाथ-सीयून-लडभड़ोल रोड़ पर ध्रूण खड्ड में एक आल्टो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गयी जिससे उसमें सवार दंपति की मृत्यु हो गई।

जानकारी के अनुसार लडभड़ोल चौकी में बतौर होमगार्ड तैनात सतीश कुमार और उनकी पत्नी सीमा देवी निवासी रोपा की आल्टो गाड़ी HP29B6538 बुधवार देर शाम दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 250 फ़ीट गहरी खाई में गिर गयी। इस दर्दनाक हादसे में पति पत्नी की मौत हो गयी। घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है।

हालांकि लोगों को घटना का पता वीरवार सुबह लगा। जानकारी के अनुसार सतीश कुमार अपनी पत्नी के साथ बुधवार को बैजनाथ गए थे। जब देर रात तक पति पत्नी घर नहीं पहुंचे तो बच्चों ने इसकी सूचना रिश्तेदारों को दी। जिसके बाद रिश्तेदारों ने उनकी छानबीन शुरू कर दी तथा पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।

वीरवार सुबह सीयून के समीप ध्रूण खड्ड में गाड़ी क्षतिग्रस्त हालात में मिली। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस व प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल में पहुंचकर पति-पत्नी के शवों को कब्जे ले लिया है।

वहीं पुलिस दुर्घटना के कारणों की छानबीन कर रही है। बता दें कि मृत दंपति अपने पीछे दो छोटे बच्चे छोड़ गए हैं। इस दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय अर्नव और 6 वर्षीय अवनी के सर से माँ बाप का साया उठ गया है। मामले की पुष्टि एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *