हिमाचल प्रदेश में हुई हल्की बारिश और बर्फ़बारी

हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग की भविष्यवाणी इस बार पूरी तरह से सही साबित नहीं हुई है। विभाग ने प्रदेश भर में गुरुवार को भारी बारिश की चेतावनी दी थी। लेकिन हल्की बारिश और बर्फबारी के बीच गुरुवार का दिन गुजर गया।

गुरुवार को शिमला, किन्नौर, कुल्लू और लाहुल-स्पीति के ऊपरी हिस्सों में हल्की बर्फबारी हुई है। अटल टनल रोहतांग के आसपास वीरवार को हल्का हिमपात हुआ।

राजधानी शिमला में बूंदाबांदी हुई। प्रदेशभर में ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे प्रदेश के कई क्षेत्रों में शीतलहर तेज हो गई है।

शुक्रवार को ऊना, हमीरपुर और राज्य के निचले इलाकों में शीतलहर चलने के अलावा कुछ क्षेत्रों में कोहरा पड़ने के आसार हैं। वहीं, शुक्रवार से 29 जनवरी तक मौसम साफ रहने के आसार हैं।

जिला लाहौल स्पीति और कुल्लू में मौसम ने वीरवार को फिर से करवट बदली। दोपहर के वक्त लाहौल सहित कुल्लू की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ।

13050 फुट ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रा, कोकसर, अटल टनल, सिस्सू, दारचा, बारालाचा, कुंजुम पास और शिकुंला दर्रे सहित अन्य चोटियों पर बर्फबारी हुई।

अटल टनल रोहतांग के आसपास हिमपात से यहां का नजारा देखने लायक रहा। फोर बाई फोर वाहनों में गए पर्यटक ताजा बर्फबारी को देखकर रोमांचित हो उठे।

मौसम साफ होने की स्थिति में शुक्रवार को मनाली-केलांग-कुल्लू के बीच अटल टनल रोहतांग होकर बसें चलाई जाएंगी।

वीरवार को प्रदेश में शुष्क मौसम के चलते ऊना में शीतलहर चली, जबकि बिलासपुर में घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई।

मौसम केंद्र शिमला ने 24 जनवरी को सुबह और देर रात के समय बिलासपुर और मंडी जिलों में घने कोहरे का भी अनुमान लगाया है।

उधर, ताबो रात में प्रदेशभर में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। ऊना में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

राज्य में 1 से 23 जनवरी तक 57.3 मिमी की सामान्य बारिश के मुकाबले 14.7 मिमी औसत बारिश हुई, जो 74 प्रतिशत कम है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *