हिमाचल में 2026 की सबसे बड़ी हेरोइन की खेप बरामद

शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे समग्र एवं व्यापक अभियान के तहत जिला शिमला पुलिस ने एक बड़ी और ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए वर्ष 2026 की अब तक की सबसे बड़ी हेरोइन की खेप बरामद की है।

स्पेशल सेल, जिला शिमला ने गुप्त सूचना के आधार पर बाहरी राज्य से नशा तस्करी की फिराक में संलिप्त एक सरगना चिट्टा तस्कर पर नकेल कसते हुए जिला सीमा शोघी के निकट सुनियोजित कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय कुमार पुत्र दर्शन सिंह, निवासी तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला (हरियाणा), आयु 22 वर्ष को गिरफ्तार किया।

आरोपी के कब्जे से 1 किलोग्राम 120 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 6 करोड़ रुपए है।

यह वर्ष 2026 में हिमाचल प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी हेरोइन बरामदगी है तथा प्रदेश में सक्रिय अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क के विरुद्ध जिला शिमला पुलिस की सबसे सशक्त एवं मजबूत कार्यवाहियों में से एक है।

प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी हरियाणा से हेरोइन की यह बड़ी खेप शिमला में सप्लाई करने के उद्देश्य से लेकर आया था। वह तारा देवी क्षेत्र में आकर अपने संपर्कों को इस खेप को सौंपने की तैयारी में था।

स्पेशल सेल ने समय रहते सटीक गुप्त सूचना प्राप्त करके तत्काल घेराबंदी कर डिलीवरी होने से पहले ही आरोपी को भारी मात्रा में हेरोइन सहित गिरफ्तार कर लिया।इस मामले में।मुकदमा दर्ज कर आगामी जांच अमल में लाई जा रही है।

जिला शिमला पुलिस ने वर्ष 2026 में नशा तस्करी के विरुद्ध अपनी कार्यप्रणाली में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। पहले जहां मुख्य फोकस अधिक से अधिक मामलों को दर्ज करने पर रहता था, वहीं अब रणनीति को बदलकर बड़ी एवं गुणवत्तापूर्ण बरामदगियों (Bigger & Quality Seizures), मुख्य सप्लायरों की गिरफ्तारी, बैकवर्ड लिंकेज, तकनीकी एवं वित्तीय जांच तथा पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने पर विशेष बल दिया गया है।

साथ ही आदतन नशा तस्करों को PITNDPS एक्ट में जेल में भेजना। इस बदली हुई रणनीति के बहुत ही सकारात्मक परिणाम इस वर्ष लगातार सामने आ रहे हैं।

मार्च 2026 – एलएसडी नेटवर्क का भंडाफोड़:

थाना न्यू शिमला पुलिस ने एक करोड़ रु मूल्य की 562 एलएसडी स्टैम्प (11.570 ग्राम) बरामद कर एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया।

बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर केरल के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया गया। तकनीकी एवं डिजिटल जांच में चार पुलिस कर्मियों की संलिप्तता भी सामने आई, जिनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया।

जिन्हें बाद में पुलिस की नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। इस कार्रवाई ने स्पष्ट किया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।इस पूरे प्रकरण में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बहुत बड़े अंतरराज्यीय आपराधिक गठजोड़ को ध्वस्त कर दिया गया जिससे हजारों युवाओं को नशे की सप्लाई रोकने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

मार्च 2026: वाणिज्यिक मात्रा में हेरोइन बरामदगी:

स्पेशल सेल की टीम ने ISBT शिमला में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से 288 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। निवासी जिला अंबाला, हरियाणा के रूप में हुई है। गुप्त सूचना के आधार पर नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कैरी बैग से यह खेप बरामद हुई। इस संबंध में पुलिस थाना पश्चिम में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अप्रैल 2026 – बड़ी अफीम बरामदगी एवं नेटवर्क का पर्दाफाश:

थाना कुमारसैन पुलिस ने 9.28 किलोग्राम अफीम तथा ₹12 लाख नकद बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आगे की जांच में एक महिला सप्लायर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 किलोग्राम से ज्यादा अतिरिक्त अफीम बरामद की गई।

इस प्रकार एक ही नेटवर्क से कुल लगभग 11.5 किलोग्राम अफीम बरामद कर पूरे सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया।इतना ही नहीं इसकी जांच में आरोपियों की 53 lakh की नशे से अर्जित अवैध संपत्ति को जब्त कर लिया गया है।

मई 2026 – वाणिज्यिक मात्रा में हेरोइन बरामदगी:

स्पेशल सेल, जिला शिमला ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बैकवर्ड लिंकेज की जांच में पंजाब जाकर एक आरोपी से 309 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। यह वर्ष 2026 की प्रमुख व्यावसायिक मात्रा की हेरोइन बरामदगियों में से एक थी।

जून 2026 – मुख्य सप्लायर तक पहुंच:

एफआईआर संख्या 41/2026 की जांच में बैकवर्ड लिंकेज, तकनीकी विश्लेषण एवं साइबर साक्ष्यों के आधार पर पंजाब के फिरोजपुर निवासी मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लगभग 131 ग्राम हेरोइन, 27 ग्राम आईस (मेथामफेटामाइन) तथा ₹60,400 नकद बरामद किए गए। इस कार्रवाई से एक अंतरराज्यीय सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त किया गया।

जुलाई 2026: वाणिज्यिक मात्रा में हेरोइन बरामदगी:

स्पेशल सेल की टीम द्वारा सोघी बैरियर से तीन व्यक्तियों की तलाशी के दौरान उनसे 242 ग्राम हेरोइन की बरामदगी की गई। पुलिस थाना पश्चिमी में मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

वर्ष 2026 में जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए गए अभियान के दौरान अब तक 4 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की गई है, जो पिछले दो वर्षों में हुई कुल हेरोइन बरामदगी से लगभग चार गुना अधिक है।

इसके अतिरिक्त 14 किलोग्राम अफीम, 15 किलोग्राम चरस, 5 किलोग्राम से अधिक पोस्त (पॉपी हस्क), 11.6 ग्राम एलएसडी, लगभग 60 ग्राम मेथामफेटामाइन (आईस) तथा 10 लाख से अधिक अवैध भांग (कैनाबिस) के पौधे बरामद एवं नष्ट किए गए हैं।

1.120 किलोग्राम हेरोइन की यह ऐतिहासिक बरामदगी इस बदली हुई रणनीति का सबसे बड़ा उदाहरण है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *