एचआरटीसी खरीदेगा 700 नई बसें

एचआरटीसी के बेड़े में 600 करोड़ रुपए की लागत से 700 नई बसें खरीदी जाएंगी। बसों की खरीद को लेकर हिमाचल पथ परिवहन निगम निदेशक मंडल की 159वीं बैठक में मंजूरी मिल गई है।

वहीं बसों की खरीद का मामला कैबिनेट के लिए भी भेज दिया है। प्रदेश में 700 नई बसों के आने से जहां प्रदेश में यात्रियों को जगह-जगह बस सुविधा मिलेगी, वहीं निगम की आय में भी वृद्धि होगी।

निदेशक मंडल की बैठक उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में हुई। बैठक के फैसलों पर उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि एचआरटीसी में बहुत दिनों से बसों की खरीद प्रक्रिया पर चर्चा चल रही थी।

ऐसे में निदेशक मंडल की बैठक में बसों की खरीद को मंजूरी दे दी है। वहीं यह मंजूरी मंत्रिमंडल में भेज रहे हैं। उन्होंने एचआरटीसी में 297 टाइप-1 इलैक्ट्रिक बसों की खरीद की सभी ऑपचारिकताएं पूरी हो गई हैं।

कैबिनेट से मंजूरी मिलते ही बसों के खरीद के ऑर्डर जारी होंगे और आगामी 4 माह में ये बसें प्रदेश में आना शुरू हो जाएंगी। इस मौके पर नवनियुक्त निदेशक मंडल उपाध्यक्ष अजय वर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव आरडी नजीम रोहन चंद ठाकुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

37 सीटर 250 बसों की खरीद को भी मिली मंजूरी
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि एचआरटीसी में 37 सीटर 250 ऑर्डीनरी छोटी बसें भी खरीदी जाएंगी। इन बसों की खरीद को भी मंजूरी दी गई है। इसके अलावा 24 सुपर लग्जरी बसों की खरीद भी फाइनल हो गई है।

इसके साथ ही 23 टाइप-1 ई-बसों की खरीद को मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि ये बसें ई-बसों के संचालन पर मिले इन्सैटिव से खरीदी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि निगम 100 नए टैंपो ट्रैवलर भी खरीद रहा है, लेकिन इनकी खरीद के टैंडर अभी फाइनल नहीं हुए हैं।

टैंपो खरीद के लिए टैंडर की अनुमति बैठक में प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि निगम लगभग 700 बसों की खरीद कर रहा है। इससे निगम की स्थिति में सुधार होगा। इसके अतिरिक्त बैठक में 2 क्विक रिस्पॉस व्हीकल और 4 क्रेनें खरीदने को भी मंजूरी प्रदान की गई है।

सरकार से पैसा मिलते ही कर्मचारियों के लाभों की अदायगी
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार से बजट मिलते ही निगम के चालक-परिचालकों सहित कर्मचारियों की लंबित देनदारियों को दिया जाएगा। बीते दिन ही निगम के चालक-परिचालकों ने देनदारियों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया था और 6 मार्च को चक्का जाम करने की चेतावनी जारी की थी।

दिल्ली डैपुटेशन पर जा रहे एमडी रोहन ठाकुर, मुख्यमंत्री ने सराहीं सेवाएं
एमडी रोहन चंद ठाकुर दिल्ली डैपुटेशन पर जा रहे हैं। बैठक के दौरान उन्होंने पिछले 2 सालों में प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर द्वारा किए गए कार्यों की सराहना भी की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रोहन चंद ठाकुर ने प्रबंध निदेशक के पद पर रहते हुए बेहतरीन पारी खेली है। निगम में बहुत सी नई सुविधाएं शुरू हुई है, जिनका श्रेय रोहन चंद ठाकुर काे जाता है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *