रविवार को होगी 4 नगर निगमों के वोटों की गिनती
हिमाचल में चार नगर निगमों के चुनाव परिणाम के अब दो दिन शेष रह गए हैं। चुनावों की मतगणना 31 मई रविवार को की जाएगी। मतगणना को लेकर चुनाव आयोग की और से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मतगणना का दौर सुबह नौ बजे से शुरू होगा। यह मतगणना सभी निगम के मुख्यालयों पर की जाएगी। राज्य में चारों नगर निगमों, धर्मशाला, पालमपूर, मंडी और सोलन में 17 मई को चुनाव हुए थे।
यह चुनाव पार्टी आधारित चुनाव चिन्ह पर किए गए थे, जबकि इस दिन 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों के चुनाव भी करवाए गए थे। नगर पंचायत और नगर परिषदों में वोटिंग वाले दिन 17 मई को ही मतगणना का कार्य पूरा होग था, जबकि चार नगर निगमों के नतीजे के लिए राज्य की जनता को 31 मई तक का इंतजार पड़ा है।
राज्य में हुए चार नगर निगमों के परिणाम पर दोनों ही राजनीतिक दलों सहित आम जनता की नजरें भी टिकी हुई हैं। यह चुनाव परिणाम सत्ता का सेमीफाइनल माने जा रहे हैं।
क्योंकि यह चुनाव पार्टी चुनाव चिन्ह पर हुए थे, ऐसे में कांग्रेस और भाजपा दोनों की राजनीतिक दलों के लिए यह परिणाम एक नई ऊर्जा का कार्य करेंगे।
प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यह आखिरी चुनाव है। ऐसे में यह परिणाम आने वाले चुनाव के लिए पहले से एक नई रूपरेखा तय करेंगे। चुनाव परिणाम आने के बाद से हालांकि राज्य चुनाव आयोग द्वारा 31 मई तक लगाई गई आचार संहिता भी समाप्त हो जाएगी।
51 नगर निकायों में 449 पदों को चुनाव
राज्य के 51 नगर निकायों में कुल 449 पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया अब संपन्न हो चुकी है। इस चुनाव के लिए 24 अप्रैल को चुनाव आयोग ने शेड्यूल जारी किया था। वहीं, नामांकन पत्र 29 व 30 अप्रैल को भरे गए थे। इसके बाद 17 मई को राज्य में शहरी निकायों में यह चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई थी।











