लाव-लश्कर संग मंदिर में विराजे देवता महर्षि देव गहरी

जोगिन्दरनगर : जोगिन्दरनगर उपमंडल की हारगुनैण पंचायत के हराबाग गांव में तीन दिनों तक आस्था, श्रद्धा और लोकदेव परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिला।

काष्ठकुणी शैली में करीब दो करोड़ रुपए की लागत से निर्मित महर्षि देव गहरी के भव्य मंदिर में तीन दिनों तक चले पूजा-अर्चना एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह के समापन पर हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

मंदिर में महर्षि अराध्य देव गहरी पूरे लाव.लश्कर के साथ विराजमान हो गए। देव गहरी के जयकारों, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

श्रद्धालुओं ने देवता के दरबार में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा। तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन में आसपास के क्षेत्रों के करीब 64 देवी-देवताओं को निमंत्रण दिया गया था।

देवी-देवताओं के गुर, बजंतरी और देवलुओं की उपस्थिति ने हिमाचल की समृद्ध देव संस्कृति की अनूठी छटा बिखेरी। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के बीच धार्मिक अनुष्ठान, हवन और यज्ञ संपन्न हुए। देवी-देवताओं के आगमन से हराबाग गांव का वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया।

मंदिर के मुख्य पुजारी पवन कुमार ने बताया कि तीन दिनों में 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर महर्षि देव गहरी के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की विशेष व्यवस्था की गई थी।

आयोजन की विशेष बात यह रही कि मंदिर पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु का पारंपरिक तरीके से विशेष पटका पहनाकर स्वागत किया गया। देव गहरी के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर भाजपा नेत्री मेघना ठाकुर ने भी अपनी हाजऱी भरी और मंदिर पहुंचकर शीश नवाया।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *