राष्ट्रीय जेवलिन थ्रो प्रतियोगिता में दम दिखाएगी जोगिन्दरनगर की कल्पना
जोगिन्दरनगर : पीएम श्री राजकीय आदर्श पाठशाला जोगिन्दरनगर की छात्रा कल्पना का चयन राष्ट्रीय जेवलिन थ्रो प्रतियोगिता के लिए हुआ है। मध्य प्रदेश में 19 से 23 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में कल्पना हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी। कल्पना की इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे जोगिन्दरनगर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य खजान चंद ने बताया कि कल्पना की इस सफलता के पीछे शारीरिक शिक्षा के लेक्चरर एवं क्वालीफाइड एनआईएस कोच विक्रम सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
विक्रम सिंह स्कूल समय के बाद भी सुबह और शाम विद्यार्थियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण देते हैं। उनके मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से कल्पना ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है।
एनआईएस कोच विक्रम सिंह ने बताया कि कल्पना ने इस वर्ष राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 33.82 मीटर भाला फेंककर अपना ही पिछला रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इससे पहले भी राज्य स्तरीय स्कूली रिकॉर्ड उसके नाम था। उसकी इस उपलब्धि से जोगिन्दरनगर ही नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ा है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने से पहले कल्पना 14 से 16 नवंबर तक हमीरपुर में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा ले रही है। वहीं, कोच विक्रम सिंह भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चीफ डी मिशन के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
प्रधानाचार्य खजान चंद ने इस उपलब्धि पर कल्पना और उसके माता-पिता को बधाई दी। उन्होंने विद्यालय के समस्त स्टाफ को भी शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि कल्पना राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेगी।
गौर हो कि कल्पना शहीद प्रताप सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिकरू की पूर्व छात्रा है तथा वर्तमान में जोगिन्दरनगर में पढ़ाई कर रही है। टिकरू स्कूल में भी विक्रम ठाकुर के मार्गदर्शन में पहले भी कल्पना जेवलिन थ्रो की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग ले चुकी है।
कल्पना जोगिन्दरनगर उपमंडल की बल्ह पंचायत के जगैहड़ा गाँव की निवासी है। कल्पना के पिता श्री प्यार चंद बिजली विभाग में फोरमेन के पद पर कार्यरत हैं तथा माता गृहणी है। कल्पना की इस उपलब्धि से समस्त जोगिन्दरनगर क्षेत्र में ख़ुशी की लहर है।
यह भी पढ़ें
राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना हुए टिकरू स्कूल के 3 खिलाड़ी
