टिक्कन के दलौशा गांव में जलकर राख हुई गौशाला

पद्धर उपमंडल के टिक्कन स्थित दलौशा गांव में शुक्रवार शाम एक गोशाला में अचानक आग लगने से भीतर रखा घास और लकड़ी जलकर राख हो गए।

घटना शाम करीब चार बजे की है। गनीमत रही कि घटना के समय पशुपालक अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल में ले गया था, जिससे किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, दलौशा गांव निवासी राजकुमार पुत्र दीवान चंद ने अपने मवेशियों के लिए लोहे के एंगल और चादरों से शेड बना रखा था। शुक्रवार शाम अचानक शेड में आग भडक़ उठी।

घटना की सूचना राजस्व विभाग और उपमंडल प्रशासन को दी गई। इसके बाद अग्निशमन विभाग का दमकल वाहन मौके पर पहुंचा।

हालांकि, दमकल वाहन के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था। बाद में दमकल कर्मियों ने पानी की बौछारें कर आग को पूरी तरह बुझाया।

ग्रामीण राजस्व अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि आग लगने से गौशाला के भीतर रखा घास और लकड़ी जलकर राख हो गए हैं। इसके अलावा किसी अन्य प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। घटना की रिपोर्ट तैयार कर तहसील कार्यालय को भेज दी गई है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *