हिमाचल में अस्पतालों को मिले 194 स्पेशलिस्ट डाक्टर
हिमाचल सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने पीजी कोर्स पूरा करने वाले मेडिकल ऑफिसरों की प्रदेश के विभिन्न फील्ड अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में तैनाती के आदेश जारी किए हैं।
सोमवार को जारी आदेश के तहत अलग-अलग विशेषज्ञताओं में कुल 118 मेडिकल अफसर और जॉब ट्रेनी आधार पर 76 पीजी डाक्टरों को उनके नए तैनाती स्थल पर भेजा गया है। इससे राज्य के फील्ड अस्पतालों को कुल 194 विशेषज्ञ डाक्टर मिल गए हैं।
इनमें आईजीएमसी शिमला, टांडा मेडिकल कालेज, मेडिकल कालेज हमीरपुर, मेडिकल कालेज नेरचौक, मेडिकल कालेज नाहन और पीजीआई चंडीगढ़ से पीजी या संबंधित प्रशिक्षण पूरा करने वाले डाक्टर शामिल हैं।
सरकार ने इन डाक्टरों को प्रदेश के मेडिकल कालेजों के अलावा क्षेत्रीय अस्पतालों, नागरिक अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात किया है।
इसका उद्देश्य विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को जिला और दूरदराज के अस्पतालों तक पहुंचाना है। कई डाक्टरों को एनेस्थीसिया, मेडिसिन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, ऑर्थोपेडिक्स, ईएनटी, नेत्र रोग, रेडियो-डायग्नोसिस, पैथोलॉजी और अन्य विशेषज्ञ सेवाओं वाले संस्थानों में भेजा गया है।
इसी आदेश के दूसरे हिस्से में सरकार ने पीजी कोर्स पूरा करने वाले 76 मेडिकल ऑफिसरों को जॉब ट्रेनी के रूप में नियुक्त किया है। इन डाक्टरों में डायरेक्ट और ऑल इंडिया कोटा के उम्मीदवार शामिल हैं।
इन्हें फिलहाल एक वर्ष की अवधि के लिए जॉब ट्रेनी के रूप में लगाया गया है। इन डाक्टरों को 60 हजार रुपए प्रति माह का पारिश्रमिक दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त पात्रता के अनुसार प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी।
जॉब ट्रेनी डाक्टरों को प्रदेश के दूरदराज के क्षेत्रों में तैनात किया गया है। किन्नौर और लाहुल-स्पीति समेत चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, बिलासपुर, ऊना, सोलन और सिरमौर जिलों के अस्पतालों को डाक्टर मिले हैं।
एनेस्थीसिया विशेषज्ञों को करसोग, अंब, भरमौर, शिलाई, धर्मशाला, नालागढ़, हरोली, किलाड़, बंजार, नगरोटा बगवां और थियोग में तैनात किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने आदेश में स्पष्ट किया है कि सभी तैनात और नियुक्त डाक्टरों को अपने-अपने निर्धारित स्थान पर तत्काल कार्यभार संभालना होगा। उन्हें ज्वाइनिंग रिपोर्ट उचित माध्यम से स्वास्थ्य विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
जॉब ट्रेनी डाक्टरों की नियुक्ति उनके चरित्र, पूर्ववृत्त और अन्य जरूरी दस्तावेजों के सत्यापन के अधीन रहेगी। मेडिसिन विशेषज्ञों में राजगढ़, अन्नी, स्यारी, चंबा और किलाड़ जैसे क्षेत्रों को डाक्टर मिले हैं।
