मानसून की विदाई के बीच फिर करवट लेगा मौसम

हिमाचल प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का दौर जारी है, लेकिन मौसम अभी पूरी तरह शांत नहीं रहेगा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 2 से 4 अक्तूबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। प्रदेश में 5 से 7 अक्तूबर तक फिर बारिश के आसार हैं।

इसके बाद एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 5 अक्तूबर को मैदानी व मध्य पर्वतीय इलाकों में बारिश होने के आसार हैं। वहीं, 6 और 7 अक्तूबर के लिए मौसम विभाग ने 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने का यैलो अलर्ट जारी किया है।

बारिश और ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगा है। पिछले दिनों हुई बर्फबारी के बाद जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति और किन्नौर में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

ताबो में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री, कुकुमसेरी में 3.7 और केलांग में 5 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

इस सीजन ने हिमाचल में भारी तबाही मचाई है। बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 380 लोगों की जान जा चुकी है और राज्य को करीब 3,220 करोड़ रुपए का भारी नुक्सान हुआ है।

वर्तमान में भी भूस्खलन के कारण प्रदेश की 46 सड़कें यातायात के लिए अवरुद्ध हैं और 8 बिजली ट्रांसफार्मर ठप्प पड़े हैं। लोक निर्माण विभाग को अकेले सड़कों व पुलों के नुक्सान से 2,744 करोड़ रुपए की चपत लगी है।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *