भुभुजोत में टनल के साथ कुल्लू तक बने नई सड़क : विक्रमादित्य सिंह

पीडब्ल्यूडी विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सीआरआईएफ के तहत 350 करोड़ रुपए मंजूर करने के लिए केंद्रीय मंत्री को धन्यवाद दिया।

इस राशि से सड़क संपर्क में सुधार और राज्य की आर्थिक वृद्धि को बढ़ाने में काफी मदद मिलेगी। विक्रमादित्य ने केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा रोपवे परियोजनाओं को वन मंजूरी से छूट प्रदान करने के लिए मंत्री द्वारा दिए गए समर्थन के लिए भी धन्यवाद दिया।

इसके अतिरिक्त विक्रमादित्य सिंह ने नितिन गडकरी से भुभुजोत में सुरंग के साथ घटासनी, शिल्हा-बधानी-भुभुजोत-कुल्लू तक एक वैकल्पिक सडक़ के निर्माण का भी अनुरोध किया, जिससे एनएच 144 पर 40 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि यह सामरिक महत्व के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण है। इससे कुल्लू आने वाले पर्यटकों को काफी सुविधा होगी।

विक्रमादित्य सिंह ने श्री गडकरी से भारत सेतु योजना के तहत प्राथमिकता के आधार पर कांगड़ा और हमीरपुर जिलों को जोड़ने वाले बसंतीपत्तन और खीरी के बीच ब्यास नदी पर 125.57 करोड़ रुपए के डबल लेन पुल के निर्माण के लिए मंजूरी प्रदान करने का भी आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पिछली बैठक में भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष यह मुद्दा उठाया था। उन्होंने मंडी जिला में पंडोह-शिव सडक़ पर ब्यास नदी पर 19.09 करोड़ की लागत से 110 मीटर स्पान सिंगल लेन स्टील ट्रस मोटरेबल पुल के निर्माण का भी अनुरोध किया।

केंद्रीय मंत्री ने राज्य को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *