प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मंडी जिला की 23 नई सड़कों को मंज़ूर हुए 127.21 करोड़

मंडी जिला की 23 सड़कों पर केंद्र ने मुहर लगाकर मंजूरी दे दी है। मंडी की सर्पीली सड़कें बनाने को 127.21 करोड़ मंजूर हुए हैं। राज्य सरकार 12.72 करोड़ देगी। केंद्र का हिस्सा करीब 111.45 करोड़ रुपए शामिल है। रखरखाव को लेकर 9.70 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है।

मंडी जिला के करसोग, द्रंग और सदर में सबसे अधिक सड़कें मंजूर हुई हैं। सुंदरनगर, बल्ह और चच्योट की तीन सड़कों को ही कें द्र से मंजूरी मिल पाई है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (2025-26) के अंतर्गत मंडी संसदीय क्षेत्र में 1240.53 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से 142 सड़क कार्यों (कुल लंबाई 846.32 किलोमीटर) को स्वीकृति प्रदान की है, जिससे 209 ग्रामीण बसावटों को सड़कसंपर्कता मिलेगी।

केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना-चतुर्थ के पहले बैच (2025-26) के तहत बड़ी मंजूरी दी है। 21 जनवरी 2026 को जारी आदेश के अनुसार, राज्य में 294 ग्रामीण सड़कों का निर्माण और अपग्रेडेशन स्वीकृत किया गया है, जिनकी कुल लंबाई 1,538.058 किलोमीटर है।

इन सड़कों की कुल अनुमानित लागत 2,247.24 करोड़ रुपये है, जिसमें केंद्र का हिस्सा 2,019.70 करोड़ रुपए और राज्य का हिस्सा 227.54 करोड़ रुपये (उच्च स्पेसिफिकेशन लागत सहित 3.124 करोड़ अतिरिक्त) शामिल है।

यह मंजूरी ग्रामीण विकास मंत्रालय के निदेशक रीना नागर द्वारा जारी की गई है, जो 4 नवंबर 2025 को सशक्त समिति की बैठक में राज्य के प्रस्तावों की समीक्षा के बाद दी गई है। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में सभी मौसम में सडक़ संपर्क प्रदान करने पर केंद्रित है।

इन सड़कों को मिली मंजूरी

कोठिगैहरी से पतरौण रोड़ गंभरपुल तक, गदोग नाला से बरनोग तक, चौरा तो कमाहरदा रोड़, रोपड़ी भागफल, दयोल से गवालिया लिंक रोड़, बग, मझियार, झंडटू लगधर रोड़, लिंक रोड़ भरवाहन, गनोन नाला से कानी मंडला ममेल रोड़, मांहुनाग से सत्योला तक जाने वाली सडक़ ,नांज से भामला रोड़, चौरीधार से काटोल रोड़, चन्याना से जस्सल नरश बेगो रोड़, सोरशान से उधमु गांव तक जाने वाली लिंक सडक़, कोटिनाला से जे रोड़, कओ चेहरा पर्ला भवा रोड़, लाथेरी खरकन पुन्नी रोड़, मझवार से गिउला रोड़, अरनेहर से बुंगा रोड, पुराना कटौला से कुन्धका, धार्ली सीरीकोठी।

सांसद ने मंजूरी को बताया संजीवनी

मंडी लोकसभा की सासंद कंगना रणौत ने कहा कि मंडी लोकसभा क्षेत्र बीते समय में बाढ़ और भारी वर्षा जैसी प्राकृतिक आपदाओं से गंभीर रूप से प्रभावित रहा है, जिससे कई संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हुए।

ऐसे समय में केंद्र सरकार द्वारा इतनी बड़ी राशि की स्वीकृति संवेदनशीलता, करुणा और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है।

यह प्रदेश के लिए संजीवनी है। कंगना रनौत ने कहा कि इन सडक़ परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि उत्पादों की ढुलाई, स्वास्थ्य एवं शिक्षा तक पहुंच, आपदा के समय राहत एवं बचाव, पर्यटन को बढ़ावा और स्थानीय रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय सुधार होगा। ऑल-वेदर कनेक्टिविटी से दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों के लोगों का जीवन आसान बनेगा।

धर्मपुर के लिए साढ़े 14 करोड़, रजत ठाकुर गदगद

प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य रजत ठाकुर ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की सड़कों के लिए केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत धनराशि पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना (पीएमजीएसवाई) चरण-4 के अंतर्गत धर्मपुर विधानसभा में 14.46 करोड़ रुपये की लागत से चार महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को लाभ मिलेगा।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *