अपनों को लाने के लिए एचआरटीसी की 134 स्पेशाल बसें रवाना
दीपावली के त्योहारी सीजन में सैकड़ों लोगों को अपने घरों तक पहुंचाने के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम की 134 स्पेशल बसें बाहरी राज्यों को रवाना हो गई हैं।
दिल्ली से हिमाचल के अलग-अलग क्षेत्रों के लिए आज 42 बसें, चंडीगढ़ से 69 और बद्दी से 29 बसें प्रदेश के विभिन्न रूटों पर रवाना हुई हैं, वहीं राज्य के अलग अलग डिपुओं से 132 बसें दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी के लिए भेजी गई हैं और ये बसें कल यानी सात नवंबर को प्रदेश के लोगों को लेकर वापस लौटेंगी।
सात नवंबर को दिल्ली से 49 बसें, चंडीगढ़ से 63 और बद्दी से 20 अतिरिक्त बसें चलेंगी। एचआरटीसी की बस सेवा दिवाली वाले दिन भी शाम पांच बजे तक जारी रहेगी। आठ नवंबर को शाम पांच बजे से नौ नवंबर की सुबह आठ बजे तक एचआरटीसी की बस सेवा बंद रहेगी।
यह फैसला इसलिए लिया गया ताकि निगम के ड्राइवर-कंडक्टर भी अपने परिवार के साथ दिवाली मना सके। दिवाली पर अतिरिक्त बसों का संचालन दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी बस स्टैंड से होगा।
एक बस के भरते ही दूसरी बस काउंटर पर लगेगी। इस तरह सुबह से शाम तक अलग अलग बसें पैक होने के बाद अपने गतंव्य को रवाना की जाएगी।
डिप्टी सीएम एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि दिवाली पर लोगों को घर पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए एचआरटीसी ने विशेष बसों की व्यवस्था की है। निगम यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध करवाने का प्रयास कर रहा है।
दिवाली को देखते हुए 266 अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला
परिवहन निगम प्रबंधन ने दिवाली को देखते हुए दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के लिए 266 अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला लिया है। इन बसों के जरिए बाहरी राज्यों और प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में नौकरी, कारोबार और अन्य कामकाज के सिलसिले में रह रहे लोग दिवाली मनाने अपने घर पहुंच सकेंगे।
आठ नवंबर को शाम पांच बजे से बस सेवा बंद
एचआरटीसी ने यह सुविधा दिवाली पर प्रदेश के लोगों की घर वापसी को सुलभ बनाने के लिए शुरू किया है। दिवाली वाले दिन यानी आठ नवंबर को भी शाम पांच बजे तक की बस सेवा जारी रहेगी।
एचआरटीसी हर साल दिवाली पर बाहरी राज्यों में रहने वाले हिमाचल के लोगों की घर वापसी के लिए निगम अतिरिक्त बसों का संचालन करता है।
