जिला स्तरीय साइंस कांग्रेस प्रतियोगिता में छाए सेरु स्कूल के विद्यार्थी
जोगिन्दरनगर : 33वीं हिमाचल प्रदेश चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस की जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 16 और 17 अक्टूबर 2026 को एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल, सरकाघाट में किया गया।
प्रतियोगिता में जोगिन्दरनगर उपमंडल के तहत स्थित राजकीय उच्च विद्यालय सेरू के विद्यार्थियों ने साइंस स्किट में प्रथम स्थान हासिल कर जोगिन्दरनगर उपमंडल का नाम रोशन किया।
इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में मंडी जिला के 526 नन्हे वैज्ञानिकों ने भाग लिया। इस दौरान जूनियर साइंस क्विज, सीनियर साइंस क्विज, साइंस एक्टिविटी, साइंस मॉडल, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, मैथमेटिक्स ओलंपियाड और साइंस स्किट सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक मंडी डॉ. सुनील दत्त ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। राजकीय उच्च विद्यालय सेरू के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से जोगिन्दरनगर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
