एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता भावना ठाकुर सम्मानित
मंडी जिले के उपमंडल गोहर के अंतर्गत ग्राम पंचायत चैलचौक (बैला) में मंगलवार को एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की खिलाड़ी कुमारी भावना ठाकुर को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए एसडीएम गोहर देवी राम और ग्राम पंचायत बैला की ओर से सम्मानित किया गया।
क्षेत्र का नाम किया रोशन
समारोह में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने भावना ठाकुर को स्मृति चिह्न, शॉल और हिमाचली टोपी भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भावना ठाकुर ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण से क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
हिमाचल के लिए गर्व का विषय
उनकी उपलब्धि न केवल गोहर उपमंडल और मंडी जिला, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि भावना ठाकुर की सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
युवाओं को मिलेगी प्रेरणा
उनकी उपलब्धि से अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भावना भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं
ग्राम पंचायत बैला के प्रतिनिधियों ने भी भावना ठाकुर की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन और बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना आवश्यक है।
भावना ठाकुर ने जताया आभार
भावना ठाकुर ने उपमंडल प्रशासन और ग्राम पंचायत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों का यह प्यार और स्नेह उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। समारोह में पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय गण्यमान्य व्यक्ति, खेल प्रेमी तथा भावना ठाकुर के परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
