दिन-दिहाड़े चोरी का प्रयास कर रहे चोर को ग्रामीणों ने पकड़ा
जोगिन्दरनगर : चौंतड़ा से करीब 4 किलोमीटर दूर बीड़ रोड पर रविवार को दिन-दिहाड़े एक घर में चोरी का प्रयास कर रहे युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से नेपाल का रहने वाला और बैजनाथ क्षेत्र में रह रहा एक युवक एक सुनसान घर को निशाना बनाकर वहां पहुंचा।
युवक ने घर के बाहर लगी खिड़की का कांच और जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसी दौरान पड़ोसियों की नजर उस पर पड़ गई।
सूचना मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों की भीड़ देखकर युवक ने वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।
इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस चौकी घट्टा को सूचना दी और युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस युवक से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
