10वीं पास युवाओं के लिए 160 पदों पर निकली भर्ती

रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए नौकरी पाने का एक सुनहरा अवसर सामने आया है। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए बणी (हमीरपुर) द्वारा सुरक्षा गार्ड एवं सुपरवाइजर के 160 पदों को भरने के लिए अधिसूचना जारी की गई है।

जिला रोजगार कार्यालय मंडी को प्राप्त हुए कंपनी के मांगपत्र के आधार पर इन पदों को भरने के लिए आगामी 2 दिसम्बर से 10 दिसम्बर तक जिले के विभिन्न रोजगार एवं उपरोजगार कार्यालयों में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।

जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि इन पदों के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है, जबकि इच्छुक उम्मीदवारों की आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

शैक्षणिक योग्यता के अलावा शारीरिक मापदंड भी तय किए गए हैं, जिसके तहत अभ्यर्थी की न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर और वजन 55 से 95 किलोग्राम के बीच होना अनिवार्य है।

चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से 8 घंटे की ड्यूटी के लिए 17,000 से 18,000 रुपए प्रतिमाह तथा 12 घंटे की ड्यूटी के लिए 20,000 से 24,000 रुपए प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।

वेतन के अतिरिक्त कर्मचारियों को ईपीएफ, ईएसआईसी, बीमा, ग्रेच्युटी और पेंशन जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि चयनित उम्मीदवारों को कंपनी की ओर से पहले एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मांगपत्र के अनुसार प्रशिक्षण शुल्क 10,900 रुपए निर्धारित किया गया है, जो कंपनी के नियमानुसार रिफंडेबल (वापसी योग्य) होगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद चयनित युवाओं की तैनाती कांगड़ा, शिमला, सोलन, ऊना, सिरमौर और चंडीगढ़ के विभिन्न हॉस्टलों में की जाएगी।

भर्ती प्रक्रिया के तहत सभी स्थानों पर सुबह 10:30 बजे से साक्षात्कार लिए जाएंगे। निर्धारित शैड्यूल के अनुसार

  • 2 दिसम्बर को उपरोजगार कार्यालय गोहर,
  • 3 दिसम्बर को उपरोजगार कार्यालय सुंदरनगर,
  • 4 दिसम्बर को जिला रोजगार कार्यालय मंडी,
  • 5 दिसम्बर को उपरोजगार कार्यालय पधर,
  • 7 दिसम्बर को उपरोजगार कार्यालय करसोग,
  • 8 दिसम्बर को उपरोजगार कार्यालय बालीचौकी,
  • 9 दिसम्बर को उप-रोजगार कार्यालय सरकाघाट तथा
  • 10 दिसम्बर को उपरोजगार कार्यालय जोगिन्दरनगर में साक्षात्कार का आयोजन किया जाएगा।

इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि और स्थान पर अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, उनकी फोटोकॉपी, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड और रोजगार पंजीकरण पत्र साथ लेकर पहुंचें, ताकि वे इस भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकें।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *