नए जिलों पर आयोग की रिपोर्ट के बाद फैसला : मुख्यमंत्री

प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सरकार ने इस संबंध में आयोग का गठन किया है। जिले, एसडीएम और ब्लॉक बनाने जैसे फैसले सोच-समझकर लिए जाते हैं। आयोग की रिपोर्ट आने के बाद मंत्रिमंडल उचित निर्णय लेगा।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा की कार्यवाही के बाद कहा कि वह दिल्ली दौरे के दौरान सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और गठबंधन दलों के नेता भी मौजूद रहे। उन्होंने सोनिया गांधी के राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय संस्कृति और परंपराओं को अपनाते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कहा कि सरकार प्रदेश की संपदा की रक्षा करने और उसका लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है।

बीबीएमबी-किशाऊ पर श्रेय लेने के बजाय अपने काम गिनाए भाजपा

बीबीएमबी और किशाऊ बांध के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए सुक्खू ने कहा कि विपक्ष को श्रेय लेने के बजाय अपने कार्यकाल में किए गए कामों का जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने किशाऊ बांध के मामले में हिमाचल के हितों को प्राथमिकता दी है, और प्रदेश के हितों से समझौता नहीं किया। वाइल्डफ्लावर हॉल मामले में मुख्यमंत्री ने दावा किया कि लंबे समय से प्रदेश को भुगतान नहीं करने वाली संपत्ति को सरकार ने अपने नाम किया है और करीब 401 करोड़ रुपए प्रदेश के खजाने में लाए गए हैं।

सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने के विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कहा कि भाजपा विधानसभा में दस्तावेजों और तथ्यों के साथ अपनी बात रखे। मुख्यमंत्री ने भाजपा की कथित गुटबाजी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष कई गुटों में बंटा हुआ है और वर्ष 2027 में जनता ही तय करेगी कि किसे दावेदारी मिलती है।

जयराम बोले, प्रशासनिक खर्च के बिना कैसे बनाएंगे नए जिले

धर्मशाला। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने विधानसभा सत्र के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उनकी सरकार की ओर से खोले गए एसडीएम कार्यालय व तहसील कार्यालयों को बंद कर दिया गया है, जबकि अब सरकार को जिला बनाने की याद आ रही है, जबकि प्रशासनिक खर्च कहां से बहाल करेंगे?

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने ही नेताओं को विश्वास में नहीं लिया है। जिससे उनके बीच ही इस मामले को लेकर विधायक दल की बैठक में बहस तक हो गई थी।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *