माउंट मौर्य स्कूल में हुआ दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन

जोगिन्दरनगर : माउंट मौर्य इंटरनेशनल स्कूल जोगिन्दरनगर में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2026 उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में आयुष विभाग एवं आरसीएफसी जोगिन्दरनगर के प्रधान अन्वेषक (प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर) श्री रविंदर कौंडल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि श्री निखिल ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि का स्वागत एवं सम्मान किया गया। विद्यार्थियों के अनुशासित मार्च पास्ट और मशाल प्रज्ज्वलन ने समारोह को आकर्षक एवं गौरवमयी बना दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

दो दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान 50, 100, 200 और 400 मीटर दौड़, रिले रेस, लंबी कूद, ऊंची कूद, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और रस्साकशी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा और टीम भावना का परिचय दिया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता विद्यार्थियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा।

विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त स्टाफ ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। साथ ही विद्यार्थियों को भविष्य में भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

होम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *