होम

हिमाचल में नहीं होगी शिक्षकों की अस्थायी भर्ती : मुख्यमंत्री

शिमला : हिमाचल के सरकारी स्कूलों में खाली पड़े शिक्षकों के पदों पर अस्थायी नियुक्तियां नहीं होंगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को शिक्षक भर्ती पर स्थिति स्पष्ट कर दी। सीएम ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि हिमाचल सरकार कहीं भी अस्थ्यायी अध्यापकों की भर्ती करने नहीं जा रही है।

उन्होंने कहा कि मैंने आज सुबह ही अखबारों के माध्यम से पढ़ा कि सरकार शिक्षा निदेशक, उपनिदेशक के जरिए शिक्षकों की नियुक्तियां करने जा रही है। सीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी बैकडोर नियुक्तियों की सरकार की कोई मंशा नहीं है। भर्तियों को लेकर बनाई गई कमेटी को सिर्फ यही कहा गया है कि जहां-जहां शिक्षकों के पद खाली हैं, उनकी जानकारी जुटाई जाए।

सीएम ने कहा कि जो भी नियुक्तियां होंगी, वह पब्लिक सर्विस कमीशन के माध्यम से की जाएंगी। अस्थायी भर्ती को लेकर जो भ्रमजाल मीडिया द्वारा फैलाया जा रहा है, उसे लेकर सरकार की कोई नीति नहीं है।

सरकार पारदर्शिता में विश्वास रखती है और जब भी खाली पदों पर भर्ती होगी, वह पूरी पारदर्शिता के साथ होगी। अखबारों में जो कुछ भी आया है, वह निश्चित तौर पर गलत है।

आईजीएमसी में अग्निकांड : गैस ऑन करते समय हुआ धमाका

हिमाचल के प्रतिष्ठ संस्थान आईजीएमसी के न्यू ओपीडी भवन की सबसे ऊपर मंजिल पर वीरवार सुबह 8:15 पर कैंटीन में आग भड़क गई, जिससे आईजीएमसी में भर्ती सैंकड़ों मरीजों के बीच अफरा-तफरी मच गई। वहीं आग की इस घटना में 2 सिलैंडर फट गए और कैंटीन व डॉक्टरों के 6 कमरे जलकर राख हुए हैं।

आग लगने का कारण प्राथमिक जांच में गैस लीक होना बताया जा रहा है। सुबह के समय जब कर्मचारी कैंटीन में पहुंचा तो उसने सबसे पहले गैस को ऑन करना चाह, तभी गैस ऑन करते ही एकदम से जोरदार धमाका हुआ।

तभी कर्मचारी सहित अन्य लोग कैंटीन से बाहर भाग गए। उसी समय 2 सिलैंडर फट गए और आग पूरे कैंटीन में फैल गई। कर्मचारी ने तुरंत आग की सूचना दमकल विभाग को दी।

दमकल विभाग व आईजीएमसी के सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत आग पर काबू पाया। इस दौरान आग बुझाते 2 सुरक्षा कर्मियों के हाथ जल गए हैं। समय पर अगर आग पर काबू न पाया होता तो अस्पताल में भर्ती सैकड़ों मरीजों को जान का भी खतरा पैदा हो सकता था।

कर्मचारियों को तीन फीसदी महंगाई भत्ते की अधिसूचना जारी, जनवरी 2022 से मिलेगा

हिमाचल प्रदेश के 2.15 लाख कर्मचारियों को महंगाई भत्ते की तीन फीसदी किस्त देने के संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। कर्मचारियों को 1 जनवरी 2022 से महंगाई भत्ता दिया जाएगा।

अप्रैल माह का महंगाई भत्ता मई माह में मिलने वाले वेतन के साथ अदा होगा। जबकि 1 जनवरी 2022 से 31 मार्च तक का महंगाई भत्ते का एरियर जीपीएफ खातों डाला जाएगा।

इन जीपीएफ खातों पर ब्याज 1 जून 2023 से देय होगा। जो कर्मचारी 1 जनवरी 2022 से 31 मार्च तक की अवधि में सेवानिवृत हुए हैं उन्हें एरियर का नकद भुगतान किया जाएगा।

कर्मचारियों को महंगाई भत्ते की तीन फीसदी किस्त जारी होगी। 31 के बजाय अब 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *