ठाकुर गुलाब सिंह ने लगाये कांग्रेस पर आरोप

जोगिंद्रनगर — कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस शासित प्रदेशों में रसोई गैस सिलेंडर के लिए पैकेज दिए मगर हिमाचल कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में इसे शामिल नहीं किया, जिससे साबित होता है कि कांग्रेस की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का फर्क है। जोगिंद्रनगर क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ठाकुर गुलाब सिंह ने रविवार को अपने चुनाव प्रचार अभियान के तहत भाजपा के ग्रामीण केंद्र चौंतड़ा के अंतर्गत आते विभिन्न बूथों में जनसमूहों को संबोधित करते हुए कहा कि गले तक भ्रष्टाचार में डूबे कांग्रेस के नेता हिमाचल का कतई हित नहीं चाहते। उन्हें तो बस प्रदेश की जमीन व जंगल बाहरी प्रदेशों के लोगों को बेचकर धन कमाने की ही चिंता है।

ठाकुर गुलाब सिंह ने आरोप लगाया कि वीरभद्र सिंह कहते हैं कि वह मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद हैं मगर मंडी को उन्होंने अपमानित करने के अलावा क्या दिया। मंडी से मुख्यमंत्री बनाए जाने की बात आई, तो वीरभद्र सिंह बौखला गए और ठाकुर कौल सिंह को दूध से मक्खी की तरह बाहर करवा दिया और इसके लिए उन्होंने सोनिया को भी आंखें तरेरीं। यहीं नहीं, कांग्रेस के बहुत बड़े वफादार होने की बात कहने वाले वीरभद्र सिंह ने तो कांग्रेस छोड़ने तक की धमकी देकर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को ब्लैकमेल भी किया। ठाकुर गुलाब सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह केवल सत्ता के भूखे हैं और इसे पाने के लिए वह किसी के भी मान-सम्मान की परवाह नहीं करते, उनका काग्रेस अध्यक्ष बनना इसका जीता-जागता सबूत है। जोगिंद्रनगर हलके में हुए अथाह विकास का गुलाब सिंह ने खुलकर खुलासा किया तथा कहा कि इसे आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने का उनका संकल्प अब पूरा होने वाला है, जिसके लिए विकास का पूरा खाका वह तैयार कर चुके हैं।

जोगिन्दरनगर की लेटेस्ट न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज को
करें।